महिला लुटेरों से बचने के लिए नकली जेवर पहकर घर से निकली और ज्वैलरी भरा पर्स घंटाघर चौराहे पर लुट गया। महिला लखनऊ से बच्चों के साथ जरीब चौकी स्थित मायके जा रही थी।
घंटाघर चौराहे पर बच्चों को चाट खिलाने के दौरान बाइक सवार लुटेरों ने पर्स लूट लिया। लूट से आहत महिला चौराहे पर ही फफक पड़ी। मायके वालों ने हरबंश मोहाल थाने में लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है।
लखनऊ जानकी पुरम की रहने वाली सरिता अवस्थी का जरीब चौकी में मायका है। बुधवार को अपने दोनों बच्चों नैन्सी और कुंवर संग मायके आ रही थी। सरिता ने बताया कि दोनों बच्चों को भूख लगी थी।
चौराहे पर मौजूद बियर शॉप के सामने चाट के ठेले पर बच्चों को चाट खिलाने लगी और बैग, पर्स बेंच पर रख दिया। इसी दौरान वहां से गुजरे बाइक सवार ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया। महिला ने दौड़ाने का प्रयास किया मगर लुटेरे भाग निकले। महिला ने बताया कि पर्स में सोने की चेन, दो अंगूठी, झुमके और पायल रखी थी।
चौराहे पर महिला को रोते लोगों की भीड़ जमा हो गई। हरबंशमोहाल थाने में महिला की मां गीता दुबे ने तहरीर दी है। एसओ ने बताया कि एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में लुटेरा कैद हुआ है।
पुरोहित की पत्नी को लूटने वाला धरा
कानपुर साउथ। बर्रा में गुरुवार को बिजली मिस्त्री बनकर पुरोहित सोमदत्त की पत्नी सरिता से घर में घुसकर लूट करने वाले बदमाश बर्रा-5 निवासी श्यामू पासी को पुलिस ने पकड़ लिया है। सीओ गोविंद नगर विशाल पांडे ने बताया कि श्यामू स्मैक का लती है।
वह पुरोहित के घर चोरी के इरादे से घुसा था, लेकिन सरिता ने उसे रंगेहाथ पकड़कर शोर मचा दिया। इस पर उसने महिला पर हमला बोल दिया थ्ाा। श्यामू के पास से लूटी गई चेन भी बरामद हुई है।