यूपी में इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र लरखौर गांव में गुरुवार सुबह जमीन के लिए भाइयों में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। गोली लगने से एक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और मां की हालत गंभीर है।
हमले के आरोपी एक चचेरे भाई को पुलिस ने असलहा समेत पकड़ लिया है, जबकि उसके दो भाई फरार हैं। पुलिस ने कई ग्रामीणों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया हुआ है। पुलिस के मुताबिक लरखौर गांव निवासी उमांकात दुबे और रमाकांत दुबे सगे भाई हैं।
रमाकांत बाराबंकी में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार इटावा के गांधीनगर कालोनी में रहता है। रमाकांत के बेटे आशु (30) और अतुल का जसवंतनगर के रामलीला तिराहे पर कृष्णा ऑटो मोबाइल के नाम से बाइक का शोरूम है।
उमाकांत गांव में किसानी करते हैं। उनके बेटे अंशुल, अनुराग और अक्षय भी खेतीबाड़ी करते हैं। गांव में 63 बीघा पुश्तैनी जमीन है, जिसमें कुछ हिस्से को लेकर दोनों भाइयों के परिवार में काफी समय से बंटवारे का विवाद चल रहा है।