सरीला हमीरपुर में पत्नी की आत्महत्या से आहत रिटायर्ड लेखपाल ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव की है। भैंस बेचने के विवाद में सोमवार को पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी थी। मां-बाप की आत्महत्या से तीन बच्चे अनाथ हो गए।
पुरैनी गांव के रिटायर्ड लेखपाल बैजनाथ का बेटा दयाशंकर (40) पत्नी उर्मिला और बच्चों के साथ गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। दयाशंकर और उर्मिला के बीच आए दिन छोटी-छोटी बातों पर कलह होती थी। रविवार को दोनों के बीच भैंस बेचने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी भैंस बेचना नहीं चाहती थी, जबकि दयाशंकर बेचने की जिद पर अड़ा था। सोमवार को उर्मिला ने जहर खा लिया। राठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता बैजनाथ ने बताया कि पत्नी की मौत से दयाशंकर को गहरा सदमा लगा। मंगलवार को वह पत्नी के शव का बिना पोस्टमार्टम करायेघर भाग आया और खेतों की ओर चला गया। थोड़ी देर बाद ग्रामीणों ने भानुप्रताप के खेत में पेड़ के नीचे खून से लथपथ दयाशंकर को पड़ा देखा। उसने कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली थी। पास में तमंचा पड़ा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। माता-पिता की मौत से बेटे प्रदीप और दोनों बेटियों का रो-रोकर हाल बेहाल था। थानाध्यक्ष जलालपुर स्वामीनाथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंपति की आत्महत्या का कारण कलह बताई जा रही है। मौके से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। सीओ एस वैभव पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।