बेटी की शादी के लिए गेस्ट हाउस में था परिवार
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद में पुराने नोटों की गड्डियां छोड़ भाजपा नेता के घर लाखों के जेवरात-नकदी चोरी हो गये। भाजपा नेता अपनी बेटी की शादी के चलते परिवार समेत गेस्ट हाउस में थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। शहर कोतवाली क्षेत्र में आवास विकास कालोनी निवासी भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह की बेटी प्रतिष्ठा की शनिवार रात बारात आई थी। सत्यपाल सिंह परिवार समेत डायमंड गेस्ट हाउस में बारातियों के स्वागत-सत्कार में लगे थे। गेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर ही स्थित जिलाध्यक्ष के मकान में ताला लगा था। रात करीब 3:30 बजे तक परिवार के लोगों का घर पर आना-जाना बना रहा। इसके बाद सभी लोग गेस्ट हाउस में रुक गए। इस बीच चोरों ने मेन गेट में लगे तालों को तोड़ दिया और इसके बाद जीने के रास्ते से दूसरी मंजिल पर जा पहुंचे। यहां चोरों ने मंडप वाले कमरे के कुंडे को खोला और अंदर घुस गए। चोरों ने अंदर रखी दो अलमारी को खोलकर उसके लॉकर को तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप और नगदी निकाल ली। सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के कुछ लोग मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा देखा तो दंग रह गए। घर में चोरी की जानकारी पर शादी वाले घर में सनसनी फैल गई।भाजपा नेता ने बताया कि उनके यहां से करीब तीन लाख की चोरी हुई है।
चोरी वाले कमरे में मिली लाइसेंसी राइफल
भाजपा नेता सत्यपाल के घर में घुसे चोरों ने एक कमरे में रखी लाइसेंसी राइफल को वहां से उठाकर जिस कमरे में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसमें लाकर रख लिया। इसकी जानकारी तब हुई, जब परिवार के लोग घर पर पहुंचे। परिजनों का कहना था कि यह राइफल दूसरे कमरे में रखी थी। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि चोरों की मंशा यह रही होगी अगर इस बीच कोई आ जाए तो राइफल दिखाकर उन्हें भगा सकें।
चोरों ने अलमारी में रखे 1000 के पुराने नोट नहीं लिए
जिन अलमारियों से चोरों ने नगदी निकाली। उसमें से एक अलमारी में करीब दो लाख रुपये के 1000-1000 के पुराने नोट अखबार में बंद रखे थे। यह नोट चोरों ने नहीं उठाए। या तो चोरों की नजर इस ओर नहीं पड़ी या फिर पुराने नोट होने के कारण चोर इन नोटों को नहीं लेकर गए।