अयोध्या में विवादित स्थल पर आने वाले फैसले के मद्देनजर पुलिस काफी सतर्क हो गई है। व्हाट्सएप, फेसबुक, या अन्य सोशल नेटवर्किंग साइटों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। प्रदेश के सीएम व डीजीपी भी सोशल साइट्स पर पड़ने वाले हर पोस्ट की गहनता से मॉनिटरिंग करने का आदेश दे चुके हैं।
इसी के मद्देनजर चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी दीपक कुमार ने गुरुवार को अयोध्या मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय के आने वाले निर्णय को लेकर शांति व्यवस्था तैयारियों का जायजा लिया। पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल की मौजूदगी में अधिकारियों एवं थाना, चौकी प्रभारी के साथ बैठक की।
डीआईजी ने कहा कि समाज में अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर विधिक कार्यवाही करें। थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया का प्रयोग करने वाले लोगों को जागरूक करें। सोशल मीडिया का प्रयोग सोच समझकर करें। अफवाहों को अनावश्यक रूप से अन्य व्यक्तियों को पोस्ट, फारवर्ड न करें।
यदि कोई भी शांति व्यवस्था बिगड़ती है तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। बैठक में सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।