सपा विधायक हाजी इरफान सोलंकी ने अपने ताऊ हाजी इकबाल सोलंकी और उनके कुछ साथियों पर घर में घुसकर उन पर हमला करने का आरोप लगाया।
इरफान ने आरोप लगाया कि शनिवार को वह अपने परिवार के साथ घर के लॉन में बैठे थे, तभी दोपहर एक बजे हाजी इकबाल सोलंकी अपने 20 - 25 साथियों के साथ जबर्दस्ती घुस आए। आरोप है कि एक पारिवारिक विवाद पर बातचीत के दौरान हाजी इकबाल ने अपने सिर से इरफान की नाक पर टक्कर मार दी, जिससे नाक से खून निकलने लगा।
हाजी इकबाल के साथ आए युवकों ने भी मारपीट शुरु कर दी जिसमें इरफान के भाई फरहान की हथेली पर चोट लगी और बहन रूबी का सिर फट गया। पुलिस ने विधायक का कांशीराम ट्रामा सेंटर में मेडिकल करवाया है। दूसरी ओर विधायक की चचेरी बहन, हाजी इकबाल सोलंकी की बेटी उजमा सोलंकी ने विधायक और उनके भाइयों रिजवान, फरहान, गनर जीलानी पर मारपीट का आरोप लगाया।
उजमा ने बताया कि चाचा गोगा की बेटी की शादी रविवार को है। जिसकी वजह से पूरा खानदान इरफान के पड़ोस में गोगा के घर में था। उजमा ने आरोप लगाया कि गोगा के घर में ही विधायक के छोटे भाइयों रिजवान, फरहान और इमरान ने चाचा मुन्ना सोलंकी से गाली गलौच शुरु कर दी।
बीच बचाव करने पर विधायक के भाइयों ने मुन्ना सोलंकी के पुत्र अल्तमस को पीट दिया। आरोप है कि मारपीट की खबर पाकर मौके पर इरफान अपने गनर के साथ आए और चाचा के बेटों अल्तमस और अल्ताफ को कमरे में बंद करके पीटा। उजमा ने आरोप लगाया कि इमरान, अल्ताफ को बेल्ट से पीट रहा था, बीच बचाव के दौरान विधायक की बहन रूबी के सिर पर चोट लगी।