दिबियापुर। गेल में काम करने वाली कंपनी के मैनेजर से रंगदारी मांगने और न देने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस दिबियापुर में डेरा डाल दिया है। पुलिस का कहना है कि आडियो टेस्ट के बाद भी विधायक के बेटों पर काई की जाएगी।
मंगलवार को ग्लोबल एसएस कंपनी के मैनेजर अब्दुल अजीज मिर्जा पर गेल पाता प्लांट जाते समय मारपीट एवं फायरिंग की गई थी। इस मामले में फफूंद थाने में अजीज मिर्जा ने दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत के पुत्रों श्याम राजपूत एवं उमेश राजपूत, भाजयुमो नेता टीटू यादव एवं उसके 5 साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसपी संजीव त्यागी ने मंगलवार शाम पीड़ित के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी। हालांकि विधायक लाखन सिंह राजपूत ने इस घटना में बेटों के शामिल होने से साफ इनकार किया था। फफूंद थानाध्यक्ष अनिल पांडेय समेत पुलिस टीमें आरोपियों की धर पकड़ में जुट गईं।
फफूंद थानाध्यक्ष अनिल पांडेय का कहना है कि टीम बनाकर आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया कि विधायक के बेटों के लिए अभी दबिश नहीं दी है। आडियो की जांच के बाद उनकी गिरफ्तारी होगी। जबकि टीटू यादव के लिए दबिश दी गई वह अभी फरार है।
- पुलिस बोली, आडियो की टेस्ट के बाद विधायक के बेटों पर कार्रवाई होगी
अमर उजाला ब्यूरो