उन्नाव।चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को भी दिनदहाड़े चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। नगदी, जेवरात समेत करीब दो लाख का माल पार कर ले गए। घटना के समय गृहस्वामी घर में ताला बंद कर काम पर और पत्नी बच्चों के साथ मायके गईं थी। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर खुलासे की मांग की है।
आसीवन थाना क्षेत्र के देवसापुर गांव निवासी केशनलाल पुत्र भागीरथ कई सालों से परिवार के साथ शहर के कब्बाखेड़ा नई बस्ती में रह रहे हैं। मंगलवार सुबह पत्नी रामपती बच्चों के साथ मायके चली गईं थी। वहीं केशनपाल कचौड़ी गली स्थित एक मिठाई की दुकान में काम करने चले गए।
बुधवार रात करीब नौ बजे केशनपाल घर लौटा तो ताले व कमरे में रखी अलमारी का बिखरा समान देख सन्न रह गया। दिनदहाड़े चोरी हो जाने की चीख पुकार सुन मौके पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। चोरी की वारदात की जानकारी होते ही मोहल्ले वाले एकत्र हो गए। पीड़ित ने यूपी 100 पर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना पर पहुंचे कोतवाली पुलिस के सिपाहियों ने जांच कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया 10 हजार की नगदी, जेवर मिलाकर करीब दो लाख का माल चोरी गया है। कोतवाली प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
-महिला बच्चों को लेकर गई थी मायके, काम पर गया था गृहस्वामी
-मंगलवार रात 9 बजे जब घर लौटे तो टूटे ताले व बिखरा सामान मिला