अमर उजाला ब्यूरो
पुखरायां। सट्टी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर मुगल रोड स्थित शराब ठेके के सेल्समैन से मारपीट कर कार सवार बदमाश गोलक से रुपये लूट ले गए। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने बंदूक से फायरिंग भी की। घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी सेल्समैन श्याम सिंह शाहजहांपुर मुगल रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में सेल्समैन है। श्याम सिंह ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात कार से कुछ लोग शराब ठेके पर पहुंचे। इन लोगों ने शराब खरीदी। इसके बाद उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।
विरोध करने पर बंदूक निकाल ली और बटों से जमकर पीटा। इसके बाद बंदूक से फायर कर दहशत फैलाई और गोलक में रखे रुपये लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद गांव के लोग शराब ठेके पर पहुंचे और घायल सेल्समैन को पीएचसी राजपुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल माती रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सेल्समैन पर हमला कर रुपये लूटे
कार सवार बदमाशों ने बोला शराब ठेके पर धावा
फायरिंग कर शराब ठेके पर दहशत भी फैलाई