अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। मोहल्ला गांधीनगर में डीएम आवास के पीछे शनिवार रात चोरों ने पुलिस कांस्टेबल के मकान सहित दो घरों को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखो रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने रविवार को मौका मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी हरिश्चंद्र वर्मा यूपी 100 में कांस्टेबल हैं। शनिवार को वह मकान में ताला लगाकर परिवार सहित लखनऊ गए थे। रात में चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में घुस गए और अलमारी व बक्सों में रखी हजारों की नगदी व सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने समीप के ही विजय के मकान में धावा बोला।
सूने मकान से चोर नगदी, आभूषण समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। रविवार सुबह जब मोहल्लेवासियों ने दो मकानों के ताले टूटे देखे तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल गृहस्वामी को दी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंच गए और बारीकी से मुआयना किया। एक रात में दो मकानों से लाखों की चोरी होने से लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।