वृद्धा को तमंचा दिखा 12 लाख के जेवर लूटे
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र में घर के बरामदे में लेटी वृद्धा को तमंचा दिखा मारपीट के बाद लुटेरों ने जमीन में गड़े लगभग 12 लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। लुटेरों के जाने के बाद वृद्धा के शोर मचाने पर नीचे उतरे बेटे ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
लूट की सूचना पर पहुंची पीआरवी और थाना पुलिस ने वृद्धा से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की है। एसओ ने घटना में किसी नजदीकी का हाथ होने की बात कही है। घटना बारासगवर थाना क्षेत्र के साहिबीखेड़ा की है।
यहां रहने वाले दिनेश की मां निर्मला देवी (64) रविवार रात घर के बरामदे में लेटी थी। जबकि दिनेश पत्नी-बच्चों के साथ दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोया था। उसकी मां निर्मला के अनुसार रात लगभग 2 बजे दो लुटेरों ने उसे सोते समय दबोच लिया और मारपीट शुरू कर दी।
उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो तमंचा लगा जान से मारने की धमकी देकर जमीन में गड़े जेवरात की उससे जानकारी ली। फिर लगभग 12 लाख कीमत के जेवर कब्जे में लेकर भाग निकले। लुटेरों के जाने के बाद उसने शोर मचाया।
शोर सुनकर बेटा दिनेश नीचे आया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पीआरवी और थाना पुलिस ने वृद्धा निर्मला से घटना की जानकारी लेकर तहरीर देने की बात कही।
सुबह वृद्धा के बेटे दिनेश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ मुकेश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने घटना में किसी नजदीकी का हाथ बताया है।
फॉरेंसिक टीम को नहीं मिला कोई सुराग
सुराग तलाशने के लिए एसओ मुकेश वर्मा ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। काफी देर तक टीम सुराग तलाशने की मशक्कत करती रही पर कोई भी ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। खोजी कुत्ता भी घटनास्थल से सूंघता हुआ बाहर निकला और कुछ दूरी पर जाकर ठिठक कर रुक गया। एसओ ने मुकेश वर्मा ने बताया कि लुटेरों को घर में जमीन में गाड़कर रखे गए जेवरात की पहले से जानकारी थी। जिससे किसी नजदीकी के घटना में शामिल होने की आशंका लग रही है।
दोनों बेटियों के थे जेवरात
लूट की शिकार वृद्धा निर्मला देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी दो बेटियों में बड़ी बेटी तोता देवी की मौत के बाद से उसके जेवर घर में ही रखे थे। जबकि बेटी ममता देवी के पति विदेश में रहते हैं, जिसके चलते ममता के जेवर भी घर पर ही थे। वृद्धा निर्मला देवी ने बताया कि चोरी के डर से ही उसने जेवर जमीन में गाड़कर रखे थे। उसने लूटे गए जेवराें की कीमत लगभग 12 लाख बताई है।