कानपुर देहात। सीडीओ जोगिंदर सिंह के निर्देश पर डीसी स्वच्छ भारत मिशन एवं एडीओ पंचायत मधुलता ने राजपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत दुर्राजपुर और ऊधौपुर रजौली ग्राम पंचायत में बने शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में ऊधौपुर रजौली के सचिव ने बताया कि जनवरी में प्रधान को 10 शौचालय के निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार दिए गए थे। वहां अभी तक एक भी शौचालय का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। साथ ही आवंटित धनराशि की दुरुपयोग किए जाने की बात सामने आई। ग्राम पंचायत ऊधौपुर रजौली में 118 शौचालय के निर्माण के लिए धन आवंटित किया गया है। इसमें 10 शौचालयों के रुपये प्रधान ने सचिव से लेकर खुद बनवाने की की बात कही थी। इसके बाद भी वह शौचालय नहीं बनवा सके। निरीक्षण के दौरान प्रधान गायब रहे। डीसी ने बताया कि सत्यापन के दौरान मिली खामियों की रिपोर्ट सीडीओ को सौंप दी गई है।