फतेहपुर जिले में हर रोज कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। मंगलवार को नौ संक्रमित और मिले। इसके बाद सिक्रय मामलों की संख्या 33 हो चुकी है। खास बात यह है कि भिटौरा, मलवां के अलावा अमौली और खजुहा में भी लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं, लेकिन सावधानी नहीं बरती जा रही है। लोग कोरोना से मिला दर्द भूल चुके हैं।
मंगलवार को 240 लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट प्राप्त हुई। उसमें नौ लोग पाजिटिव मिले। ये भिटौरा और मलवां क्षेत्र के हैं। इसमें सबसे अधिक सात मरीज भिटौरा क्षेत्र के हैं। यहां पर एक घर से दो-दो मरीज मिले हैं। वहीं तीन अन्य लोग हैं। मलवां में दो लोग संक्रमित हैं। नौ संक्रमितों में महिलाओं की संख्या छह है। खास बात यह है कि भिटौरा क्षेत्र में रविवार और सोमवार को भी मरीज मिल चुके हैं। मलवां, अमौली, खजुहा और हसवां में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है।
इसमें भिटौरा ब्लाक हॉट स्पाट बनता जा रहा है। यहां पर एक परिवार से ही कई संक्रमित मिले हैं। इसके बाद भी कोरोना की रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यहां कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग बिना मास्क के भीड़भाड़ इलाके में घूम रहे हैं। अस्पतालों में भी कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं हो रहा है। चुनाव में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना का खतरा बढ़ने लगा है। नोडल अधिकारी केके सिंह ने बताया कि कोरोना की गाइड लाइन का पालन करना चाहिए। हर हाल में एहतियात बरतनी चाहिए, वरना खतरा बढ़ेगा।
22 दिनों में 69 पॉजिटिव
अप्रैल महीने की 11 तारीख से लेकर 2 अप्रैल के बीच 22 दिनों में 69 पॉजिटिव हो चुके हैं। पिछले पांच दिनों में संख्या में ज्यादा तेजी से इजाफा हुआ है। एक दिन में नौ से 10 केस मिल रहे हैं। इससे कोरोना का खतरा बढ़ने लगा है। चुनाव में भी कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
वोट डालना न पड़ जाए जान पर भारी
नगरीय निकाय के चुनाव का मतदान 4 मई को है। डीएम के आदेश पर मतदान कर्मियों के बस्तों में मास्क और सैनिटाइजर रखा गया है, लेकिन मतदाता के लिए बूथों में कोई व्यवस्था नहीं है।