माई सिटी रिपोर्टर आदर्श त्रिपाठी कानपुर। कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में एक न्यूज़ चैनल व एंकर के खिलाफ विभिन्न थानों में एफ आई आर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने कोतवाली में थाना प्रभारी को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस को दी तहरीर में कहा गया है कि महाराष्ट्र में विगत दिनों हुई मॉब लिंचिंग की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर 21 अप्रैल को टीवी चैनल ने न्यूज बुलेटिन में एंकर ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इसका वीडियो भी तहरीर के साथ दिया गया। कनिष्क पांडेय, इकबाल अहमद, अशोक धानविक, केके तिवारी, पुनीतराज शर्मा, आयुष अग्रवाल, गौरव छाबड़ा, संदीप चौधरी आदि रहे। कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की ओर से भी न्यूज़ चैनल और उसके एडिटर इन ची फ के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना बर्रा को प्रार्थनापत्र सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष संगीत तिवारी, लक्ष्मी नारायण दीक्षित, जिलाध्यक्ष सुशील सोनी, महासचिव डॉ आरके सिंह, प्रेम नारायण प्रजापति, अंकित पाल आदि रहे। नगर ग्रामीण संगठन के पदाधिकारियों ने कल्याणपुर थाने में प्रार्थनापत्र देकर एफआईआर दर्ज कर एंकर को गिरफ्तार करने की भी मांग की। जिलाध्यक्ष उषा रानी कोरी, राजीव द्विवेदी एडवोकेट ने कहा कि कोर्ट खुलते ही न्यूज एंकर पर मानहानि का भी केस किया जाएगा। स्वामीनाथ गिरी, अजय यादव, मोहम्मद कुरैशी आदि रहे।