कानपुर। एक तरफ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जद्दोजहद कर रही है वहीं पार्टी ने ऐसे पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है जो कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं हैं। प्रदेश नेतृत्व ने 26 दिसंबर तक निष्क्रिय पदाधिकारियों की सूची मांगी है। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि सूची में महानगर, सेक्टर, वार्ड और मंडल स्तर के ऐसे पदाधिकारियों के नाम शामिल होंगे जो जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनकी सूची विकल्प सहित प्रदेश नेतृत्व को समय पर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि महानगर कमेटी, सेक्टर और वार्ड स्तर पर कुछ निष्क्रिय पदाधिकारी पहले ही चिह्नित हो चुके हैं। इनकी शिकायत वरिष्ठ और सक्रिय पदाधिकारियों की ओर से की गई थी। ऐसे लोगों को हटाने के बाद सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसी प्रकार ग्रामीण और देहात इकाई के लिए भी समान निर्देश जारी किए गए हैं। (ब्यूरो)