कानपुर। पीपुल्स कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंधकों की ओर से जमा रकम वापस करने में असमर्थता जताने के बाद शुक्रवार को कौशलपुरी निवासी खाताधारक दर्शन सिंह ने कर्नलगंज थाने में बैंक के सीईओ राजीव अवस्थी, प्रबंधक हरदीप सिंह व अन्य स्टाफ के खिलाफ धोखाधड़ी का केस चलाए जाने के लिए तहरीर दी है। खाताधारक ने अलग अलग खातों का विवरण देते हुए बताया कि बैंक में उनके करीब 25 लाख रुपये जमा थे। इनमें एफडी भी शामिल थीं। जो अप्रैल से लेकर जून के बीच में परिपक्व होना था। ये सारा पैसा बैंक ने देने से मना कर दिया है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि उनके पास भुगतान के लिए पूंजी नहीं है। इसकी सूचना रिजर्व बैंक भेजी है। गाइडलाइन आने के बाद ही कोई कवायद आगे बढ़ेगी। इस संबंध में बीते मंगलवार को भी कानपुर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन और महामंत्री पुष्पेंद्र जायसवाल की अगुवाई में दर्शन सिंह के पक्ष में व्यापारी आए थे। बैंक का सकारात्मक रुख न देखकर उनकी ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इस मौके पर कानपुर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन, महामंत्री पुष्पेंद्र जायसवाल, कोषाध्यक्ष रोमी अरोड़ा, संयोजक सरबजीत सिंह, सलाहकार कपिल सभरवाल आदि खाताधारक के पक्ष में थाने पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि थाने में तहरीर दिए जाने के बाद एसएसपी ने अवगत कराया कि प्रकरण की जांच के बाद एफआईआर दर्ज होगी। इस पर खाताधारक ने मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।