कानपुर देहात। नई जिलाधिकारी नेहा जैन ने कहा कि शिक्षा से पिछड़ेपन को दूर किया जा सकता है। इसलिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार पहली प्राथमिकता होगी।
मूल रूप से कानपुर नगर निवासी व यहीं पर यूपीसीडा में अपर मुख्य कार्यपालक पद पर तैनात 2014 बैच की आईएएस नेहा जैन ने फोन पर बातचीत में बताया कि उनकी शिक्षा कानपुर में ही हुई है। पूर्व में ट्रेनिंग के दौरान वह आगरा में तैनात रही हैं। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में एसडीएम व फिरोजाबाद में मुख्य विकास अधिकारी के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने बताया कि कानपुर देहात में छुट्टा गोवंशों की समस्या की जानकारी मिली है। इसकी रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिससे किसानों को परेशान न होना पड़े। जिले से होकर बहने वाली नदियों के पुनरुत्थान, राजस्व के मामलों का जल्द निस्तारण समेत जनता से जुड़े कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वह शनिवार की सुबह कलक्ट्रेट पहुंचकर कार्यभार संभाल लेंगी।