कानपुर। संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की सोमवार को हुई बैठक में महानगर बस सेवा को विस्तार देने का निर्णय लिया गया। मंडल के एक बड़े अफसर ने सिटी बस सेवा को गंगा बैराज तक बढ़ाने का फैसला लिया। इसके साथ सजारी मार्ग तक रूट विस्तार पर भी जल्द निर्णय की बात कही गई। आरटीए ने परिवहन नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीन बार से अधिक ओवरलोडिंग करते पकड़े गए नौ ट्रकों के परमिट निरस्त कर दिए। सात ट्रांसपोर्टरों के पंजीकरण व नवीनीकरण को स्वीकृति मिली। औरैया-घटियाघाट मार्ग पर पुराने परमिट को हटाकर नया परमिट जारी करने का निर्णय लिया गया। उत्तर प्रदेश मेट्रो कारपोरेशन के विस्तारित रूटों को ध्यान में रखते हुए इंटर मेट्रो सर्किल बसें चलाने पर भी सहमति बनी। बैठक में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, जोनल आरटीओ आरआर सोनी और आरटीओ प्रशासन राकेंद्र कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो