12.60 लाख रुपये इनाम का लालच देकर एक शातिर ने ग्रामीण से एक लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर उसने अपर पुलिस अधीक्षक को ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
फर्रुखाबाद जिले में कंपिल थाना क्षेत्र के गांव माझगांव पूर्व निवासी यामीन उर्फ अमीन ने एएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 13 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने उससे कहा कि इनाम में कार और मोबाइल निकाला है। कार की कीमत करीब 12.60 लाख रुपये है। यह धनराशि खाते में सीधे भेजी जाएगी। इसके लिए जीएसटी व अन्य मदों में रुपये जमा करने की बात कही। ठग ने तीन बार में 1 लाख 2 हजार 600 रुपये जमा कराए।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद 35 हजार रुपये और जमा करने को कहा। जब जमा नहीं किए तो धमकी दी। पीड़ित ने एएसपी से कहा कि जालसाजों ने इनाम का लालच देकर उससे 1 लाख 2 हजार 600 रुपये ठग लिए। एएसपी ने कंपिल थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।