कानपुर। कोतवाली पुलिस ने पदयात्रा को रोकने और शिक्षक नेता से अभद्रता व धक्कामुक्की करने के मामले में तीन पर रिपोर्ट दर्ज की है।
सर्वोदय नगर निवासी बिल्हौर इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रभाकर श्रीवास्तव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि तीन माह का वेतन न मिलने पर शिक्षक नेता हरिश्चंद्र दीक्षित के नेतृत्व में नौ जुलाई को डीआईओएस कार्यालय चुन्नीगंज से मंडलायुक्त कार्यालय तक पदयात्रा निकाली जा रही थी। आरोप है कि बड़ा चौराहा के पास पनकी निवासी शैलेंद्र अवस्थी ने पदयात्रा रोकने का प्रयास करते हुए हरिश्चंद्र को जूतों की माला पहनाने की घोषणा की। कचहरी गेट के पास प्रेमचंद त्रिपाठी साथियों के साथ पहुंच गए। कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज परिसर में दोनों ने हरिश्चंद्र के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। आरोप है कि बीच-बचाव करने पर उनके साथ धक्कामुक्की और गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शैलेंद्र अवस्थी, प्रेमचंद्र त्रिपाठी, अन्य साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।