कानपुर। हटिया में बेसमेंट की खोदाई से भरभराकर गिरे बिल्डिंग के दो कमरों के मामले में घायल वृद्धा गीता शर्मा की तहरीर पर मूलगंज पुलिस ने सोमवार को प्लॉट मालिक समेत चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मालूम हो कि शनिवार को रज्जन बाबू पार्क गोलेश्वर मंदिर के पास 100 साल पुरानी चार मंजिला बिल्डिंग से सटे प्लॉट पर अंधेरे में जेसीबी से 30-40 फीट खोदाई के चलते दो मकान के कमरे भरभराकर गिर गए थे। इसमें जितेंद्र शर्मा उर्फ बब्लू, गीता शर्मा घायल हो गईं थीं। आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया था। मूलगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि चार से पांच पार्टनर यहां कार्य करा रहे थे। जांच की जा रही है। (संवाद)