बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के जनसंपर्क अधिकारी अमन सिंह ने एक न्यूज पोर्टल के प्रमुख पर एक लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। रुपये न देने पर विधायक व विधानसभा क्षेत्र के संबंध में भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। पनकी पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू की है।
अमन सिंह ने पुलिस को बताया कि पोर्टल प्रमुख उनसे एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि अक्तूबर 2026 में उन्होंने एक लाख रुपये दिए भी थे। आरोप है कि इसके कुछ दिन बाद ही पोर्टल प्रमुख की ओर से दोबारा धनराशि की मांग शुरू कर दी गई। मांग पूरी न होने पर सोशल मीडिया पर विधायक और बिठूर विधान सभा क्षेत्र से संबंधित भ्रामक खबरें और वीडियो प्रसारित किए गए।
फेसबुक पेज पर विकास कार्यों को लेकर भ्रामक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है। इससे विधायक और विधानसभा क्षेत्र की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच कराई जा रही है।