डी फार्मा के छात्र को अगवा कर फार्म हाउस में बंधक बनाकर यातनाएं देने के मामले में बर्बरता करने वाले वकील की पत्नी, बेटे और भतीजे की तलाश की जा रही है। पहले धमकी भरे फोन के आधार पर रिपोर्ट हुई थी। पीड़ित से पूछताछ के बाद नाम सामने आए हैं।
बेटी के साथ कोल्डडि्रंक पीता देख डी फार्मा के छात्र को शुक्रवार रात अगवा कर बिठूर के फार्म हाउस में यातनाएं देने वाले लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष ब्रजनारायण निषाद की पत्नी, बेटे, भतीजे और एक पड़ोसी की भी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। पहले पुलिस ने धमकी भरे फोन के आधार पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी वजह से आरोपी वकील की पत्नी को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया था। अब पीड़ित छात्र से पूछताछ के बाद इन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
कानपुर देहात के बरौर निवासी प्राइवेट स्कूल के शिक्षक का 17 वर्षीय बेटा गंगपुर बिठूर में नानी के घर में रहकर पढ़ाई कर रहा है। शिक्षक के बेटे को शुक्रवार रात ईश्वरीगंज निवासी अधिवक्ता ब्रजनारायण निषाद ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ बाजार में देख लिया था। इसके बाद छात्र को कार से अगवाकर फार्म हाउस में बंधक बनाकर रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटा था। प्लास से पैर के नाखून उखाड़ लिए थे। पुलिस ने छात्र को आरोपियों से छुड़ाकर हैलट में भर्ती कराया था। आईसीयू में भर्ती छात्र की हालत स्थिर बताई गई है। मामले में ब्रजनारायण और उसके बड़े भाई तेजनारायण को जेल भेजा गया था।
सूत्रों के मुताबिक जिस फोन का अपहरणकर्ता ने इस्तेमाल किया था, वह ब्रजनारायण निषाद का ही है। ब्रजनारायण ईश्वरीगंज तिराहा के पास रहने वाला है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस फार्म हाउस में छात्र को बंधक बनाकर पीटा गया था, वह स्वरूपनगर के महेंद्र कपूर का है। तेजनारायण उसकी रखवाली करता है। पुलिस मामले में फार्म हाउस के मालिक से भी पूछताछ कर सकती है। घायल से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मौके से एक महिला और तीन युवक कार से भागे थे। जांच के बाद पता चला है कि महिला ब्रजनारायण की पत्नी निधि वर्मा है। इसके अलावा निधि के साथ बेटा निश्चल, भतीजा प्रवीण और पड़ोसी विक्की भागे थे। सर्विलांस की मदद से इनकी तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज व सीडीआर खंगाली जा रही
एसीपी कल्याणपुर अभिषेक कुमार ने बताया कि घटनास्थल से फार्म हाउस तक रास्ते के सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे है। सीडीआर और बयान के आधार के बाद पुलिस विधिक राय भी लेगी। इसके बाद इस मामले को मजबूती से कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मेरा बेटा बेकसूर है, सीबीआई जांच करा ली जाए
हैलट के एनेस्थीसिया विभाग के आईसीयू में भर्ती छात्र की देखरेख में जुटे पिता ने अस्पताल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनका बेटा बेकसूर है, चाहे सीबीआई जांच करा ली जाए। छात्र के बाबा ने कहा कि ‘अइसे मारा जात है का... दुश्मन की तरह मारे हन। अब अपन करम छिपावन के लिए वकील लड़की का आगे कर दिया। हमरे बउवा के पीठ मा इतने निशान हैं कि देखे नहीं जात हैं’।
पुलिस ने सील नहीं किया घटनास्थल
बिठूर पुलिस ने फार्म हाउस में बने कमरे को और टीन शेड के नीचे घटनास्थल को सील नही किया। मौके पर एक डंडा दो हिस्सों में टूटा मिला। पास झाड़ियों में एक खाली शराब का पाउच मिला।