कानपुर देहात। जनपद में बृहस्पतिवार से हो रही बारिश ने कारोबार को प्रभावित किया है। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे लेकिन सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शनिवार को स्थिति यह रही कि ज्यादातर दुकानों के शटर ही नहीं खेल गए। सबसे ज्यादा असर सब्जी और परचून की दुकानों पर दिखा। बारिश के चलते अकबरपुर सहित रनियां, रूरा, झींझक, शिवली और सिकंदरा के मुख्य बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार सुबह से दुकानें खोलकर ग्राहकों की राह तकते रहे लेकिन बारिश के कारण लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सबसे अधिक प्रभाव दैनिक उपयोग की चीजों से जुड़े सब्जी और परचून कारोबार पर देखने को मिला। अकबरपुर के स्टेट बैंक रोड और बाढ़ापुर रोड स्थित सब्जी की दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही न के बराबर रही, इससे बड़ी मात्रा में हरी सब्जियां सड़ने की कगार पर पहुंच गईं। सब्जी विक्रेता नाजिर ने बताया कि बारिश की वजह से स्थानीय खरीदार नहीं पहुंचे, इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। (संवाद)