कानपुर। शहर के सेनपश्चिम पारा और कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग युवकों के नाले में शव पड़े मिले। वहीं, कल्याणपुर के युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। सेनपश्चिम पारा निवासी हुलासी ने बताया कि उनका बेटा अनिल (30) श्रमिक था। बुधवार को वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। बड़े भाई राजेश ने बताया कि गुरुवार को थाने में जानकारी दी। इसी दौरान सूचना मिली कि सेन चौराहे के पास खुले तीन फुट गहरे नाले में एक शव मिला है। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अनिल के रूप में की। बताया कि अनिल की तीन वर्ष पहले बिहार निवासी नीलम से शादी हुई थी। तीन महीने पहले नीलम पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार गई हुई है। सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में श्रमिक के शराब के नशे में नाले में गिरने की आशंका है। वहीं, कल्याणपुर के नवशील धाम स्थित नाले में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक (35) का शव मिला। नाले में शव पड़े होने की सूचना पर कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव तिवारी, एसीपी दिलीप कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव बाहर निकलवाया। उन्होंने शव के पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई। शव पर लाल रंग की फुल टीशर्ट व हाफ पैंट मिला है। पुलिस युवक की शिनाख्त लिए सोशल मीडिया की मदद ले रही है। एसीपी ने बताया कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।