कानपुर देहात। अकबरपुर सीएचसी में ब्लॉक पब्लिक यूनिट बनकर तैयार हो गई है। सीएचसी में संचालित लैब नए भवन में शिफ्ट की गई है। यूनिट तैयार होने से अब यहां पर जांच का दायरा बढ़ेगा। सीबीसी, एलएफटी और केएफटी, लिपिड प्रोफाइल समेत कई जांचे भी हो सकेंगी। इससे दूर दराज से आने वाले मरीजों को काफी सहूलियत होगी।
मुख्यालय की सीएचसी अकबरपुर में हर दिन 300 से 500 मरीज उपचार को आते हैं। इनमें से 200 से ज्यादा को हर दिन कई तरह की जांच की सलाह दी जाती है। अभी तक शरीर में खून का स्तर, रैपिड कार्ड से डेंगू, मलेरिया की जांच सीएचसी में होती है। डॉक्टरों द्वारा दिए गए परामर्श के बाद कई जांचे सीएचसी में न होकर जिला अस्पताल में होती थी। इससे मरीजों परेशान होना पड़ता था।
मगर छह माह पहले बनकर तैयार हुई ब्लॉक पब्लिक यूनिट से स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी हुई है। सीएचसी की पूरी लैब शिफ्ट कर दी गई है। अब यहां पर मरीजों की एलएफटी(लीवर फंक्शन टेस्ट), केएफटी(किडनी फंक्शन टेस्ट), हीमोग्लोबिन, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, एमपी विडाल समेत अन्य जांच शुरू होंगी। इसके लिए कई आधुनिक मशीन आ गई हैं। उनके इंस्टालेशन का काम चल रहा है।
मशीनों के स्टॉल होते ही दो सप्ताह के अंदर विधिवत जांचें होने लगेंगी। इसके साथ ही मरीजों को गर्मी से भी निजात मिलेगी। नया भवन पूरी तरह से वतानुकूलित है। यहां पर मरीजों को बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था है। सीएचसी में यह सुविधा मिलने से जिला अस्पताल पर मरीजों को बोझ कम होगा और जांच के बाद तुरंत रिपोर्ट मिलेगी। इसके लिए अगले दिन आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
............
देवीपुर सीएचसी में भी बनकर तैयार है भवन
ब्लॉक पब्लिक यूनिट पहले चरण में अकबरपुर और देवीपुर सीएचसी में बनाई गई है। दोनों जगहों के भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। देवीपुर सीएचसी की लैब जल्द ही नए भवन में शिफ्ट होगी। इसके लिए प्रक्रिया चल रही। इससे संचालित होने से भोगनीपुर क्षेत्र के लोगों को सहूलियत होगी।
...........
शासन से मिलेगा चिकित्साधिकारी व अन्य स्टॉफ
ब्लॉक पब्लिक यूनिट भवन में 24 घंटे जांच की सुविधा भविष्य में दी जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से चिकित्साधिकारी व अन्य स्टॉफ दिया जाएगा, ताकि संचालन में किसी तरह की कोई परेशानी न हो। विभाग इसके लिए पहल कर रहा है।
............
सीएचसी परिसर में बने ब्लॉक पब्लिक यूनिट भवन में लैब को शिफ्ट कर दिया गया है। जल्द ही लैब में जांचों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए मशीनों के इंस्टाल का चल रहा है। मशीन स्टॉल होते ही सभी जांच कराई जाने लगेंगी।
-डॉ.आईएच खान, चिकित्साधीक्षक, अकबरपुर सीएचसी