इटावा। मतदाता सूची के एसआईआर के लिए आयोग के निर्देश पर कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र इटावा, जसवंत नगर और भरथना में यह कार्य कराया जाना है। इसके लिए बीएलओ चार नवंबर से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। यह कार्य चार दिसंबर तक किया जाएगा। नौ दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक दावे और आपत्तियां दाखिल किए जाएंगे। नौ दिसंबर से 31 जनवरी तक सुनवाई के बाद दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन सात फरवरी को किया जाएगा। इस कार्य को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर की स्थापना की गई है। इस सेंटर पर एसआईआर से संबंधित जानकारी की जा सकती है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 है, जबकि टेलीफोन नंबर 05688 2500 26 है। उन्होंने बताया कि यदि किसी को इस संबंध में जानकारी चाहिए तो इस सेंटर से संपर्क किया जा सकता है।