कानपुर देहात। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से अकबरपुर इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को सायं 6 बजे ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। मॉक ड्रिल के सफल, सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन के लिए एडीएम प्रशासन/उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अंकित शुक्ला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिक सुरक्षा, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय, शिक्षा, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मॉक ड्रिल के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, क्या करें और क्या न करें के संबंध में जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मॉक ड्रिल स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में जनमानस को पूर्व से जागरूक किया जाए ताकि लोग अभ्यास की प्रकृति से अवगत रहें। (संवाद)