कानपुर। कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने के आरोप में पुलिस ने बिरयानी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को दरोगा प्रदीप भाटी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। वह पुलिस टीम के साथ मुरादाबाद चिकन बिरयानी दुकान के पास पहुंचे तो सड़क पर अतिक्रमण दिखा। आरोप है कि दुकान संचालक ने सड़क पर अवैध रूप से दुकान का सामान फैला रखा था। किनारे पर बड़े पीपे, पतीले, स्टूल और अन्य सामग्री फैली होने से सड़क संकरी हो गई थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही थी। जाम के हालात बन रहे थे। कलक्टरगंज थानाध्यक्ष विनय तिवारी ने बताया कि संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग पर बाधा उत्पन्न करने और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।