औरैया। यमुना पुल पर बुधवार सुबह डंपर ने बाइक सवार अधेड़ को रौंद दिया। हादसे के बाद पुल पर एक घंटे तक जाम लगा रहा।
जालौन जिले के गांव हदरुख निवासी विवेक कुमार पांडेय (42) पुत्र रमाकांत कानपुर में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार सुबह 11 बजे वह बाइक से औरैया होकर घर हदरुख जा रहा था। यमुना पुल पर तेज गति से जालौन की तरफ जा रहे डंपर की चपेट में आकर विवेक काफी दूर तक घिसटता चला गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया। बीच पुल पर हुए हादसे के बाद दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लग गईं। देवकली चौकी इंचार्ज सुधीर भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को 50 शय्या जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के दामाद अरुण कुमार ने बताया कि ससुर विवेक के दो पुत्र हिमांशु (17), प्रियांशु (19) व दो पुत्रियां प्रिया व प्रियांशी (22) है। प्रिया की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी नीलम बदहवास है।