भारत स्काउट्स गाइड्स संस्था में ‘पद और मद के लिए जंग’
अच्छी आदतों का निर्माण कर बच्चों में नेतृत्व शक्ति, आत्मसंयम, आत्मविश्वास, साहस, कर्तव्यपरायणता, कार्यनिष्ठा और प्रजातांत्रिक मूल्यों का विकास खेल-खेल में कराने वाली संस्था में घमासान मचा हुआ है। बच्चों का बेहतर भविष्य बनाने वाली भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संस्था में पद और मद के लिए जंग छिड़ी है। इस वजह से कानपुर जिला इकाई के आयुक्त डॉ. अंगद सिंह ने इस्तीफा दे दिया।डॉ. अंगद सिंह कानपुर के जाने-माने बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल भी हैं। हालांकि उनका इस्तीफा अभी मंजूर नहीं हुआ है। उन्होंने अपने पत्र में जिक्र किया है कि विषाक्त माहौल और अंदरूनी कलह की वजह से वे इस्तीफा दे रहे हैं। संस्था के जिला इकाई के अध्यक्ष डीआईओएस विनय मोहन वन का कहना है कि इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। पहले आरोपों की जांच कराई जाएगी।
डॉ. अंगद सिंह पिछले कई साल से जिला आयुक्त पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा है कि जिला मुख्यायुक्त आरसी शर्मा ने वरिष्ठतम लीडर ट्रेनर एवं सचिव संतोष दीक्षित को गलत तरीके से पद से हटाया है। चाचा नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गोविंद नगर के प्रिंसिपल बृज किशोर त्रिपाठी को नियम विरुद्घ जिला सचिव बना दिया। इसके चलते संस्था का संचालन नहीं हो पा रहा है। जन जागरण और सेवा कार्य भी प्रभावित हैं। विभाग के घुटन और भ्रष्ट माहौल के चलते वे इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा डीआईओएस के साथ ही प्रादेशिक मुख्यायुक्त, डीएम सहित अन्य अफसरों को इस्तीफा दिया है।