कानपुर देहात। जिले में अब रसोई गैस की किल्लत नहीं रहेगी। प्रदेश सरकार की औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति 2022 के तहत भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन सरवनखेड़ा ब्लॉक के रसूलपुर गोगूमऊ में एलपीजी गैस का बॉटलिंग प्लांट लगाने जा रहा है। इसमें कंपनी 300 करोड़ का निवेश करेगी। यूपीसीडा ने जमीन अधिगृहित कर कंपनी को उपलब्ध करा दी है। प्लांट का काम भी शुरू करा दिया गया है।
इनवेस्टर्स समिट के तहत जिले में उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत जिले से कई बड़े उद्योगों की भागीदारी बढ़ रही है। इससे हजारों लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा इनवेस्टर्स समिट में हुए करार के बाद ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। इसके बाद जिले में करीब पांच हजार करोड़ रुपये के उद्योग धरातल पर उतरने शुरू हुए।
इन्हीं में अब भारत पेट्रोलियम भी 300 करोड़ रुपये का निवेश कर बॉटलिंग प्लांट बनाने जा रहा है। सरकार से हुए करार के बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने तीन गांवों में कुल 23 हेक्टयर जमीन भारत पेट्रोलिमय कंपनी को मुहैया कराई है। कंपनी ने जमीन अधिगृहित होने के बाद यहां पर बाउंड्री बनाने का काम शुरू करा दिया है। प्लांट की क्षमता प्रतिदिन करीब 10 हजार सिलिंडर की होगी। इस प्लांट में एलपीजी स्टोर करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
..............
पेट्रोलियम क्षेत्र में बढ़ेगी हिस्सेदारी, 25 जिलों को मिलेगा लाभ
जिला उद्योग केंद्र रनियां इनवेस्टर्स समिट के उद्योगों की लगातार समीक्षा कर उद्योग स्थापित कराने में उद्यमी को प्रोत्साहित कर रहा है। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त मोहम्मद सऊद ने बताया कि भारत पेट्रोलियम के बाॅटलिंग प्लांट के बनने से कानपुर, कानपुर देहात समेत उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में एलपीजी की आपूर्ति की जाएगी। इससे सीधे तौर पर करीब 1000 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। ट्रांसपोर्टेशन को बढ़ावा मिलेगा। इस प्लांट के लगने से पेट्रोलियम के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ेगी।
...................
तीन गांवों की 23 हेक्टयर जमीन हुई अधिगृहित
प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा प्लांट लगाने के लिए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन को सरवनखेड़ा ब्लॉक के रसूलपुर गोगूमऊ, लोधीपुर, सुल्तानपुर पेराजोर गांव के किसानों की करीब 23 हेक्टयर जमीन अभी तक अधिगृहित कर दी गई है। इसमें किसानों की सहमति पर मुआवजा भी दिया जा चुका है। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त के अनुसार प्लांट के लिए अभी और भी जमीन अधिगृहित की जानी है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
..................
वर्ष के अंत तक पूरा होना है प्लांट
मुख्यमंत्री निवेश मित्र नवनीत कुमार ने बताया कि प्लांट की लागत 300 करोड़ रुपये है। इसकी लागत अभी बढ़ सकती है। इस प्लांट को वर्ष 2024 के अंत तक पूरा किया जाना है। प्लांट में भारत पेट्रोलियम सिलिंडर रिफिलिंग के साथ एलपीजी गैस को स्टोर भी करेगा। बताया कि निवेश के मामले में जिला तीसरे स्थान पर है। जल्द ही प्रथम स्थान पर पहुंच जाएगा। निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित किसी भी तरह की उद्यमियों को समस्या हो तो वह संपर्क कर सकते हैं।
............
उद्योग बढ़ने से रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
जिले में इंवेसटर्स समिट के तहत जिन उद्यमियों से करार किया गया था, उनमें से अधिकांश उद्योग धरातल पर उतर गए हैं। करोड़ों के उद्योग ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल किए गए। भारत पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट के संचालित होने से कई एजेंसियां खुलेंगी। इससे लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगी। जल्द ही कई अन्य उद्योगों को धरातल पर उतारेंगे।
- मोहम्मद सऊद, उपायुक्त उद्योग