राजपुर गांव में निर्माणाधीन कमरे की बीम टूटने से मलबे में दबे राजमिस्त्री व दो महिलाएं दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलपुर पुलिस ने मलबा हटवाकर तीनों घायलों को झींझक अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत गंभीर होने तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक महिला की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी गंगा सिंह अपने घर में कमरे का निर्माण करा रहे थे। दीवारें बनने के बाद सोमवार की दोपहर शटरिंग लगने के बाद छत में लेंटर डलवाने के लिए जैसे ही राजमिस्त्री रामजीवन पुत्र हरदयाल निवासी सड़रामऊ लेंटर डालने के लिए ऊपर पहुंचा, तभी अचानक बीम टूट गई और मलबे के साथ नीचे जा गिरा।
वहीं कमरे में मौजूद उसकी मां कलावती व उसकी ताई कमला देवी भी मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर मलबे में दबे लोगों को निकालना शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबा हटवाकर तीनों घायलों को झींझक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से कमला देवी को जिला अस्पताल भेजा गया।
वहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। नायब तहसीलदार डेरापुर कर्मेंद्र सिंह ने बताया की घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई जा रही है।