निमंत्रण से लौट रहे बाइक सवार मजदूर को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। कमासिन थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी जगरूप प्रजापति ने बताया कि उसका भाई शिवलाल उर्फ चुन्नू प्रजापति (25) अपने पिता रामचंद्र के साथ निमंत्रण में तिंदवारी गांव गए थे। वहां से पिता को बाइक से अनौसा गांव में छोड़कर वह बाइक से अपने गांव जा रहा था। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के पास सामने से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चुन्नू की मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने चुन्नू की शिनाख्त की। वह पांच भाई तीन बहनों में छठवें नंबर का था। घर में मां रामकली हैं। वह सितंबर माह में अपने चाचा रमाकांत के निधन में दमन से अपने गांव आया था। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि वाहन की टक्कर लगने से हादसा हुआ है। चुन्नू हेलमेट नहीं लगाए था।