चालक को झपकी आने से लोडर पेड़ से टकराया, एक मौत, पांच घायल
शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ला निवासी राजकुमार विश्वकर्मा (45) भांजे कहरा महोबा निवासी मंगल की शादी में 18 अप्रैल को बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गया था। वहां से शनिवार की देर शाम लोडर में दहेज का सामान लादकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ रामलाल (32), रामसजीवन (49), बच्चूलाल (58), गोविंद (46) व पप्पू (35) सवार थे। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के पास अचानक चालक को झपकी आ जाने पर लोडर पेड़ से टकरा गया। इससे सभी घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां राजकुमार ने दम तोड़ दिया। भाई श्रीराम ने बताया कि राजकुमार के एक पुत्री दो पुत्र हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घर में पत्नी पुष्पा है। वह कारपेंटर का काम करता था। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टममार्टम कराया गया है।
ट्रैक्टर में पीछे से घुसा बाइक सवार, मौत
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मंझला गांव निवासी सभाजीत (26) साले रमेश की शादी में 18 अप्रैल को गया था। बरात से वापस आने पर वह बहन नीतू व भाभी रामदेवी को गांव छोड़ने गया था। उन्हें गांव छोड़कर वह ससुराल जा रहा था। तिंदवारी थाना क्षेत्र के सिमौनी गांव के पास आगे जा रहे ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बाइक समेत ट्रैक्टर में पीछे से घुसकर गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। जिला अस्पताल में सभाजीत ने दम तोड़ दिया। बड़े भाई इंद्रजीत ने बताया कि पत्नी गोमती है। एक पुत्र है। तिंदवारी थानाध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बुंदेलखंड की रेलिंग से टकराए बाइक सवार, एक की मौत, दो घायल
हमीरपुर जिले के राठ निवासी अमित (30) साले की शादी में शहर कोतवाली क्षेत्र के खाईंपार मोहल्ले में आया था। यहां से पनवाड़ी गांव निवासी राजेश (26) व राठ निवासी दीपेंद्र (25) के साथ शनिवार को दोपहर बाइक से वापस गांव जा रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज नंबर -71 के पास अचानक बाइक बेकाबू होकर रेलिंग से टकरा गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, घायलों के पीछे अन्य गाड़ियों में जा रहे बरातियों ने देखा तो यूपीडा का फोन किया। घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। ओटी में राजेश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।