जसवंतनगर। बेसिक शिक्षा परिषद की ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री विद्यालय जसवंतनगर में किया गया। प्रतियोगिता में 10 न्याय पंचायतों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बलैयापुर व धरवार की टीम ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय बलैयापुर की टीम विजेता रही जबकि प्राथमिक विद्यालय तिजौरा उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में भी बलैयापुर की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कुंजपुर की टीम उपविजेता रही। जूनियर बालक वर्ग के फाइनल में कंपोजिट विद्यालय बलैयापुर ने यूपीएस मीरखपुर पुठिया को हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में यूपीएस धरवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता जबकि पीएम श्री विद्यालय जसवंतनगर की टीम उपविजेता रही। विजेताओं को प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर नरेंद्र यादव, हरी कुमार, उदयवीर यादव, मधुर श्रीवास्तव, धर्मवीर यादव, आलोक चौहान, पुष्पा यादव आदि मौजूद रहे।