कृपेंद्र उर्फ रानू सेंगर की फाइल फोटो, नदी के किनारे मौजूद ग्रामीण व पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले के अयाना कस्बे में आयोजित भागवत कथा के समापन पर बीझलपुर यमुना घाट पर फूल विसर्जन के दौरान एक युवक यमुना नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीन घंटे में शव को नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अयाना निवासी रामप्रकाश प्रजापति के यहां आयोजित भागवत कथा के समापन पर शनिवार सुबह 11 बजे ग्रामीण बीझलपुर यमुना नदी घाट पर फूल विसर्जन के लिए पहुंचे।
गांव के लोगों के साथ ही कृपेंद्र उर्फ रानू सेंगर (27) पुत्र शैलेंद्र सेंगर भी गया था। कुछ युवको के साथ वह भी घाट से नीचे उतर कर नदी में नहाने लगा। इसी बीच तेज बहाव होने के कारण वह नदी की धार में बहने लगा। चीखने की आवाज सुन लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की तब तक वह नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीझलपुर व जालौन जिले की सीमा में बसे गांवों से गोताखोरों को बुलवाकर नदी में तलाश शुरू करवाई।