औरैया जिले में दिबियापुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में भरथना के गांव बेटीपुरा से आई बरात में डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद हो गया। नाराज बरातियों ने ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
प्रतापपुर निवासी धर्मपाल की पत्नी सरोज देवी ने बताया कि सोमवार की रात इटावा जिले के भरथना के गांव बेटीपुरा से गांव में बरात आई थी। रात लगभग 11 बजे बरात गांव में घूम रही थी। बरात में तेज आवाज में बज रहे डीजे में बराती नाच रहे थे। देर रात हो जाने के कारण पीड़िता और उसके परिजनों ने डीजे की आवाज धीमी करने के लिए कहा। इसी बात पर छह बरातियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं।
विरोध किया तो सरिया और डंडे से जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। बरातियों ने उसे, पुत्र अभिलाख, देवर मनोज, भतीजी आराधना समेत पांच लोगों को जमकर पीटा। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि घायलों का डॉक्टरी परीक्षण एवं उपचार कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।