मृतक की फाइल फोटो व मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में मुरादगंज-अयाना मार्ग पर नगला रामपुर डड़वारी मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अयाना कस्बा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक भूरे सिंह सेंगर (70) पुत्र स्व. विशुन सिंह सेंगर शनिवार सुबह मुरादगंज बाजार करने के लिए गए थे।
वापस लौटते वक्त वह नगला रामपुर डड़वारी मोड़ पर अपने खेतों के लिए मुड़ने लगे तभी मुरादगंज की ही तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। वहीं बाइक सवार युवक मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भूरे सिंह की मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंची पत्नी गायत्री देवी, बेटे अवधेष व प्रदीप का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष भागीरथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर बाइकों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।