प्रगति की फाइल फोटो व घटना के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बड़ैरा में शनिवार रात को पति से बहस के बाद कोटा डीलर ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बेहोशी की हालत में कमरे में पड़ा देख परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर आए मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज न देने की वजह से बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाया।
बड़ैरा निवासी मोहित सेंगर ने बताया कि उसकी शादी 17 मई 2019 को कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र राहा निवासी प्रगति (25) के साथ हुई थी। उनका दो वर्षीय बेटा सौर्या भी है। इसी साल पत्नी गांव की कोटा डीलर भी चुनी गई थी। शनिवार देर शाम को बहस के बाद पत्नी कमरे में चली गई। इस दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब वह कमरे में गया तो उसे प्रगति जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। इसके बाद तत्काल परिजनों ने उसे सीएचसी अजीतमल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस की सूचना पर घटना स्थल पर आए मृतका के पिता शिवकरन सिंह ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पिता ने पुलिस को बताया कि शादी के दो साल बाद से ससुरालीजन बुलेट बाइक व जंजीर की मांग को लेकर अक्सर प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर शनिवार शाम को ससुरालीजनों ने बेटी को जहर खिलाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर तहसीलदार अजीतमल हरिश्चंद्र भी पहुंचे। कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया कि मृतका के पिता ने पति समेत चार नामजदों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।