फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya: अंतरजनपदीय फर्जी बैंक का भंडाफोड़, चेयरमैन समेत दो गिरफ्तार, 5000 उपभोक्ताओं से हुई करोड़ों की ठगी

Thu, 22 Dec 2022 05:51 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरैया

सार

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में फर्जी बैंक का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने बैंक चेयरमैन समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। 5000 उपभोक्ताओं से करोड़ों की ठगी हुई है।
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

औरैया जिले के दिबियापुर में पुलिस ने अंतरजनपदीय फर्जी बैंक का भंडाफोड़ करते हुए बैंक चेयरमैन समेत दो को गिरफ्तार किया है। औरैया, कानपुर देहात, मैनपुरी और जालौन में संचालित बैंक की नौ शाखाओं में लगभग पांच हजार उपभोक्ताओं से करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इन लोगों ने नौकरी के नाम पर 60 लोगों से 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी भी की है।
विज्ञापन


दिबियापुर थाने में एसपी चारू निगम ने बताया कि गुरुवार सुबह धोखाधड़ी के आरोपी कुडरी का पुर्वा सहायल निवासी अद्वेत उर्फ  लल्ली यादव (बैंक अधिकारी) व मैनपुरी की नई बस्ती फर्रास घिरोर निवासी मोहम्मद असलम उर्फ राजा (चेयरमैन) को बेला रोड से गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ के बाद अंतरजनपदीय फर्जी बैंक चलाने के मामले का भंडाफोड़ हुआ।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में दोनों से पता चला कि फर्जी तरीके से डिजिटल आर्यावर्त निधि बैंक खोली गई है। दिबियापुर, कंचौसी, लहरापुर, कुसरकोट, सहायल समेत औरैया में पांच शाखाएं हैं।  मुख्य शाखा मैनपुरी के घिरोर में है। जालौन के कोंच और माधौगढ़ में दो शाखाएं, कानपुर देहात के मैथा में भी एक शाखा है। सभी शाखाएं किराये के मकानों में चल रही हैं।
विज्ञापन

दिबियापुर, लहरापुर तथा सहायल शाखा में असलम की नरगिस,  कचौंसी व कुदरकोट शाखा में अद्वेत की पत्नी प्रगति प्रबंधक हैं। इन लोगों ने हर फर्जी शाखा में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक जैसा सेटअप तैयार किया है, ताकि उपभोक्ताओं को संदेह न हो। एसपी ने बताया कि सभी शाखाओं में 500 से 600 उपभोक्ताओं को जोड़कर उनसे आरडी और एफडी के नाम पर ठगी की गई है।

इन शाखाओं में काफी लोगों से नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने और फर्जी नियुक्तिपत्र देने की बात भी दोनों ने स्वीकारी है। एसपी चारू निगम के अनुसार दोनों आरोपियों ने उपभोक्ताओं के पैसा अपने रिश्तेदारों के बैंक खातों में जमा कराए हैं। कंपनी खोलने में सहयोग करने वाले लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। साफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी से डाटा बेस मांगा गया है। जिन स्थानों पर फर्जी बैंक के कागजात और अन्य सामग्री छपवाई गई है, उन स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।
विज्ञापन

मुकदमा दर्ज होने के बाद आए पुलिस रडार पर
अंतरजनपदीय फर्जी बैंक चलाने वाले अद्वेत और असलम के खिलाफ आंबेडकर नगर निवासी शीलू कुमार ने 17 दिसंबर को 60 लोगों से नौकरी के नाम पर 93 लाख की ठगी का आरोप लगाया था। इसमें बताया कि बैंक में नौकरी के नाम उन लोगों से डेढ़ लाख रुपये लिए गए और अब वेतन भी नहीं दिया गया।

एसओजी प्रभारी प्रवीन कुमार और दिबियापुर थाना प्रभारी शशि भूषण मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीमों ने कई इलेक्ट्रानिक और अभिलेखीय साक्ष्य जुटाकर घटना का खुलासा कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर कैश काउंटिंग मशीन, छह लैपटॉप समेत अन्य काफी सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम के अनुसार असलम पहले भी बैंकिंग फ्रॉड में जेल जा चुका है। वह पूर्व में फिनो बैंक में काम करता था। वहीं से उसे फर्जी बैंक संचालित करने का आइडिया आया। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार का इनाम और प्रशस्तिपत्र के लिए एडीजी को लिखा पढ़ी की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें