औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को गुरुवार देर रात बड़ी कामयाबी मिली। ग्राम चपटा डेरा स्थित तालाब किनारे मिले गोवंश अवशेषों के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी शोएब पुत्र कमरुद्दीन निवासी दलेल नगर को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 दिसंबर को मिली गोकशी की सूचना पर थाना अजीतमल मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद अजीतमल पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस की संयुक्त टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश में थीं। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी दलेल नगर की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। मदन ढाबा, भीखेपुर मोड़ के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। संदिग्ध अपाचे बाइक पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही वे भागने लगे और हड़बड़ाहट में बाइक फिसलकर गिर गई।
ये सामान बरामद
खुद को घिरता देख शोएब ने पुलिस पर फायर कर दिया। चेतावनी देने के बाद भी न मानने पर पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया, जहां हालत सामान्य बताई जा रही है। मौके से एक अवैध अद्धी 315 बोर, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, अपाचे बाइक, गड़ासा, छुरी और रस्सी बरामद की गई। जांच में पता चला कि शोएब के खिलाफ गैंगस्टर, गौवध सहित कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।