यूपी के औरैया जिले में बुदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान एसडीएम की कार में तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। चालक और अर्दली घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एसडीएम को भी मामूली चोट आई है।
बुधवार सुबह सात बजे के करीब बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर एआरटीओ प्रवर्तन रेहाना बानो व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रमेश यादव द्वारा ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। कुछ गाड़ियों के जालौन सीमा में खड़े होने की जानकारी पर अधिकारी चेकिंग के लिए आगे बढ़े। तभी मुड़ते समय सवारी लेकर जा रही निजी बस ने एसडीएम की कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक अंकुर व अर्दली उपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पीछे बैठे एसडीएम रमेश यादव को मामूली चोट आई है। एआरटीओ ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।