महोबा जिले में एससीएसटी एक्ट न लगाने के एवज में महोबकंठ थाने के दरोगा ने आरोपी के साथी से 30 हजार रुपये मांगे। बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। घटेरा गांव के संदीप राजपूत का एक महीने पहले रुपये के लेनदेन को लेकर गांव के जवाहर अहिरवार से विवाद हो गया था।
जवाहर ने संदीप के खिलाफ मारपीट व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने की तहरीर दी थी। संदीप के साथी राजेश ने थाने में तैनात दरोगा कमलेश कुमार से फोने पर बात कर एससी-एसटी एक्ट न लगाने का अनुरोध किया। आरोप है कि दरोगा ने 30 हजार रुपये की मांग की। दोनों की बातचीत का आडियो वायरल हुआ है।
इसमें दरोगा धमकी भरे लहजे में कह रहा है कि कल तक नहीं मिले तो मुकदमा दर्ज कर देंगे। हमारे पास मुकदमा दर्ज कराने का पावर है। पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने कहा कि उप निरीक्षक कमलेश को निलंबित कर जांच एएसपी आरके गौतम को दी गई है। जांच आख्या के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।