उसके साथ कानपुर से वीर सिंह व कार चालक संजीव कुमार चले जबकि कल्लू उर्फ फूफा उन्हें जालौन जनपद के जोल्हूपुर मोड़ में मिला। उन्होंने सूरज व उसके बेटे रामजी की भी गला कसकर हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बच गए। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई कार को बरामद कर चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद हुआ।
वारदात से लेकर आरोपियों को छोड़ने तक की जानकारी चालक को
वहीं, सोमवार देर शाम पुलिस ने दूसरे आरोपी कल्लू उर्फ फूफा निवासी सदरी कानपुर देहात को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी वारदात की वजह नहीं बता सके। अंदेशा जताया जा रहा है कि कानपुर से पीड़ित परिवार को साथ लाने के बाद वारदात होने तक व आरोपियों को छोड़ने तक की सभी जानकारी चालक संजीव को है। यह संदेह इसलिए भी किया जा रहा है, क्योंकि संजीव आरोपियों का परिचित है।
त्रिभुवन की जेल में वीर सिंह से हुई थी मुलाकात
दरअसल, संजीव को कार चित्रकूट ले जाने के लिए वीर सिंह ने त्रिभुवन यानी चतुर सिंह के कहने पर बुक किया था। त्रिभुवन की जेल में वीर सिंह से मुलाकात होने के बाद जान-पहचान हुई थी। वीर सिंह की ससुराल कानपुर देहात जिले के मंगलपुर में है। कार चालक संजीव कुमार मंगलपुर का निवासी है। आरोपी कल्लू से भी संजीव की जान-पहचान है। संजीव की कार वीर सिंह ने बुक की थी। वहीं, संजीव कार भी आरोपियों के इशारे पर ही चला रहा था।
वारदात का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हो सका
यदि संजीव को साजिश की जानकारी नहीं होती, तो वह कार को किसी थाने में लेकर जाकर खड़ा कर सकता था। कार खराब होने का बहाना भी बना सकता था। जोल्हूपुर मोड़ से चालक के परिचित कल्लू को भी साथ लिया। उसने त्रिभुवन व वीर सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। ऐसे में चालक संजीव की वारदात में खासी भूमिका प्रतीत हो रही है। इसके बावजूद पुलिस उससे असली वजह नहीं जान पा रही है। एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा का कहना है कि जांच टीमें लगी हैं, लेकिन वारदात का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
नौ किमी के दायरे में वारदात को दिया अंजाम
राठ कस्बे से गोहांड की दूरी 12 किमी. है। आरोपियों द्वारा सूरज के साथ राठ से करीब तीन से चार किमी. की दूरी पर वारदात की गई। इसके बाद सूरज के बेटे रामजी को गोहांड कस्बे से पहले मरणासन्न हालत में फेंक दिया गया। गोहांड कस्बे में 100 मीटर आगे स्थित सीएचसी के पास सड़क के किनारे खेतों में महिला अमन के सिर को कूचकर झाड़ियो से छिपा दिया।
ये हैं कुछ अनसुलझे सवाल
चलती कार में महिला की हत्या मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। मसलन, किस वजह से महिला की हत्या की गई? मुख्य आरोपी कौन है? कार चालक पुलिस को गुमराह क्यों कर रहा है? महिला के पति की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है। यह भी सवाल उठ रहा है कि अपराधी ने ही परिचित ड्राइवर चुना। केवल महिला की हत्या की गई। पति और दोनों बच्चों को छोड़ दिया गया? क्या यह सब महज संयोग है?