कानपुर। स्वरूपनगर में रविवार शाम भीषण जाम ने यातायात व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर कर दी। मधुराज हॉस्पिटल रोड, द चाट चौराहा, बेनाझाबर रोड से मोतीझील तक शाम सात बजे से रात नौ बजे तक वाहन रेंगते रहे। मरीजों को लेकर जा रहीं तीन एंबुलेंस सायरन बजाती हुई जाम में करीब आधे घंटे तक फंसी रहीं। एंबुलेंस को रास्ता न मिलना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सड़क से फुटपाथ तक बेतरतीब खड़े वाहनों और आगे निकलने की आपाधापी ने रास्ते संकरे कर दिए। जाम में शहर के एक जिम्मेदार अधिकारी की गाड़ी भी फंसी रही। करीब दो घंटे तक रहे जाम ने ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। जाम में फंसे लोगों का कहना था कि एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। (संवाद)