ललौली थाना क्षेत्र की एक गोशाला में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। वहीं, गोशाला संचालक ने कार्यकर्ताओं पर गोशाला के वीडियो में छेड़छाड़ के बाद वायरल करने का आरोप लगाया है।
फतेहपुर जिले में गोशाला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गोशाला संचालक ने कार्यकर्ताओं पर वीडियो में पुराना वीडियो जोड़कर वायरल करने का आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन
ललौली थाना क्षेत्र के कोंडार गोशाला के संचालक विष्णु सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गोशाला में 400 गाय, बैल और बछडे़ संरक्षित हैं। छह जनवरी की शाम कुछ लोग गोशाला पहुंचे थे। खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताकर गोशाला में बदइंतजामी और गोवंशों की मौत का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।
उन्होंने धमकी देकर गोशाला का गेट खुलवाया और गोपालकों के साथ गाली गलौज करने लगे। इसके बाद गोशाला का वीडियो बनाया। पहले मृत मवेशियों को मवेशियों वीडियो से जोड़कर वायरल कर दिया। गोशाला में मवेशियों की मौत नहीं हुई है।
उधर, कीर्तिखेड़ा गांव निवासी प्रखंड संयोजक बिपिन सिंह ने बताया कि वह लोग गोशाला में गए थे लेकिन गेट नहीं खोला गया। अंदर मृत गोवंश पड़े थे। बीमार गोवंश का वीडियो बनाया था। कार्यशैली को छिपाने के लिए मुकदमा दर्ज कराया गया है।