कानपुर। विमान ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के असर से इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के किराये में ईंधन शुल्क बढ़ा दिया है। इसके चलते कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू जाने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में अधिक किराया देना होगा। दिल्ली और मुंबई के लिए कानपुर से रोजाना उड़ानें संचालित होती हैं, जबकि बंगलुरू के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को सेवा उपलब्ध है। अब कानपुर से दिल्ली का किराया 4,374 रुपये से बढ़कर करीब 4,974 रुपये हो गया है। मुंबई का किराया 6,173 रुपये से बढ़कर करीब 6,773 रुपये पहुंच गया है। वहीं, बंगलूरू का किराया 8,222 रुपये से बढ़कर करीब 8,967 से 9,420 रुपये तक हो गया है। एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप यादव ने बताया कि ईंधन शुल्क में वृद्धि के कारण हवाई किराये पर असर पड़ा है।