कानपुर। श्यामनगर में शिक्षक शरद के घर पड़ी डकैती के खुलासे में एआई और यक्ष एप पुलिस का मददगार बना। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करने वाली टीम से जब पूरी प्रक्रिया पूछी तो सामने आया कि सबसे पहला लिंक फुटेज से मिला था लेकिन वह स्पष्ट नहीं था। इसके लिए जब एआई की मदद ली गई तो फुटेज स्पष्ट हो सका। बस यहीं से पुलिस को सुराग मिला और फिर कड़ी से कड़ी से सुलझाते हुए पुलिस खुलासे तक पहुंच गई। इससे पूर्व खुलासे में लगे पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बता दें कि सोमवार को शिक्षक के घर पड़ी डकैती में पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर गुरुवार को खुलासा किया था। बदमाशों ने लूट के बाद जहां शिक्षक के बेटे देवांश का मोबाइल फेंका था उस जगह के आसपास के फुटेज में संदिग्ध बाइक और ऑटो के पास खड़े दिखे थे। फुटेज को एआई और यक्ष एप की मदद से तस्वीर स्पष्ट होने पर डकैती का खुलासा संभव हुआ। सीपी रघुबीर लाल ने डीसीपी से लेकर खुलासे में लगे हर एक सिपाही को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ब्यूरो