महोबा जिले में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगिरा गांव के पास सोमवार सुबह करीब पांच बजे भैंसों से भरा तेज रफ्तार कंटेनर सड़क किनारे बनी मस्जिद से टकराते हुए पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कंटेनर में लदी 40 भैंसों की मौत हो गई। सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक में फंसे चालक व भैंसों को बाहर निकाला जा सका।
इस दौरान हाईवे में जाम लग गया। जिससे बड़े वाहन फंसे रहे। मध्यप्रदेश के दमोह से 60 भैंसे लादकर कंटेनर जनपद हमीरपुर के कस्बा राठ की ओर जा रहा था। हाईवे पर सुगिरा गांव के पास मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा। जिससे कंटेनर सड़क किनारे स्थित मस्जिद की चहारदिवारी व गेट को तोड़ते हुए पलट गया। भिड़ंत इतनी तेज थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों के बाहर निकल आए।